भारतीय सेना का पूर्व सिपाही पाक से आई 74 करोड़ की हैरोइन के साथ गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jul 04, 2018 - 08:31 AM (IST)

अमृतसर (संजीव): पंजाब के खुफिया विभाग स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल ने सीमा पार पाकिस्तान से रमदास सैक्टर में आई 74 करोड़ की हैरोइन के साथ भारतीय सेना के पूर्व सिपाही तरविन्द्र सिंह निवासी नवा जीवन लोपोके सहित उसके 3 साथियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सुखराज सिंह राजा निवासी चक्क पंडोरी, गुरलाल सिंह व सर्बजीत सिंह निवासी सराय अमानत खां शामिल हैं। उक्त तस्करों के कब्जे से एक 30 बोर की रिवॉल्वर भी बरामद हुई है। हैरोइन की खेप भारत में तस्करों तक पहुंचाने का जिम्मा बी.एस.एफ. के कांस्टेबल चिथिलराज कानागराज उर्फ सी.के. राज निवासी तमिलनाडु ने उठा रखा था। 

2 दिन पहले भारत में पहुंची 14 किलो 800 ग्राम हैरोइन की खेप को उक्त तस्कर बी.एस.एफ. के कांस्टेबल सी.के. राज से लेने के लिए गए थे। इसकी पूरी जानकारी स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल को थी । उसी पर ऑप्रेशन के जरिए चारों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में तस्करों ने बिक्रमजीत सिंह निवासी गांव मंझ व गुरजंट सिंह निवासी लोपोके का नाम उगला है, जिनके पाकिस्तान में बैठे स्मगलरों के साथ संबंध हैं। 

जानकारी के अनुसार तरविन्द्र सिंह, सी.के. राज व बिक्रमजीत सिंह अपने-अपने  सम्पर्क  तस्करी के लिए इस्तेमाल करते थे। ये तीनों पाकिस्तान में बैठे स्मगलरों के साथ सोशल मीडिया व व्हाट्सएप के जरिए सम्पर्क में रहते थे। हैरोइन उसी दिन मंगवाई जाती थी जब बी.एस.एफ. का कांस्टेबल सी.के. राज ड्यूटी पर रहता था। 30 जून की रात को मंगवाई गई खेप सी.के. राज ने सुरक्षित कर ली, जिसे लेने के लिए उक्त चारों तस्कर गए और उन्हें स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल ने दबोच लिया। बी.एस.एफ. के कांस्टेबल की इस हरकत के बारे में उसके अधिकारियों को पूरी जानकारी दे दी गई है जिसे जल्द ही स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल जांच के लिए रिमांड पर लेकर आएगा।

swetha