विक्की गौंडर के साथी सुक्खा के लिए पैसे इकट्ठा करने वाले 5 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Aug 19, 2018 - 09:35 AM (IST)

गुरदासपुर (विनोद): विक्की गौंडर के साथी रहे प्रमुख गैंगस्टर सुखमीत सिंह उर्फ सुक्खा भिखारीवाल पुत्र सुक्खन सिंह निवासी गांव भिखारीवाल के लिए पैसे इकट्ठा करने वाले 6 सदस्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को तिब्बड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

सुक्खा भिखारीवाल के संपर्क में रहने वाला इस गिरोह का सरगना जो गुरदासपुर के एक नजदीकी गांव का रहने वाला है, नाबालिग है व अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। इस गिरोह से पूछताछ दौरान कई महत्वपूर्ण केस हल होने की सम्भावना से इंकार नहीं किया जा सकता तथा कुछ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह के सभी मैंबर नाबालिग होने के कारण इनके नाम जग जाहिर नहीं किए जा सकते।

जान से मारने की धमकी देकर मांगे थे 5 लाख रुपए 
इस संबंधी जिला पुलिस अधीक्षक स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति रंजीत सिंह निवासी गोत पोकर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 7 अगस्त को कुछ लोगों ने रात लगभग 9.30 बजे उसके घर के गेट पर गोलियां चलाई थीं। उसके बाद उसे किसी की व्हाट्सएप पर काल आई जिसने अपने आप को सुक्खा भिखारीवाल बताया तथा कहा कि उसने ही उसके गेट पर गोलियां चलवाई हैं। यदि जान प्यारी है तो मेरे साथियों को 5 लाख रुपए दे दो, नहीं तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। 

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिटैक्टिव की अगुवाई में एक स्पैशल टीम का गठन किया गया जिसमें तिब्बड़ पुलिस स्टेशन इंचार्ज हरपाल सिंह आदि को शामिल किया गया था। इस टीम ने वैज्ञानिक ढंग से जांच करने के बाद 6 आरोपियों के विरुद्ध तिब्बड़ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया तथा छापेमारी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो सभी नाबालिग हैं तथा गुरदासपुर के आसपास के रहने वाले हैं, परंतु इस गिरोह का सरगना अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।

विक्की गौंडर की मौत के बाद लापता था सुक्खा भिखारीवाल

उन्होंने बताया कि गैंगस्टर सुक्खा भिखारीवाल लम्बे समय तक विक्की गौंडर का बहुत नजदीकी साथी रहा तथा विक्की गौंडर की मौत के बाद वह लापता हो गया। अब इस केस के बाद पता चला है कि वह फिर सक्रिय हुआ है तथा पकड़े गए गिरोह का सरगना जो मात्र 16-17 साल का है, वह सुक्खा भिखारीवाल के संपर्क में था तथा वही सुक्खा भिखारीवाल के आदेश पर काम करता है, शेष सभी इस सरगना के दिशा निर्देश पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि इन गिरफ्तार किए सदस्यों से पूछताछ की जा रही है तथा कई महत्वपूर्ण केस हल होने की सम्भावना है। गिरोह के सरगना को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

swetha