अवैध हथियारों के नेटवर्क पर पुलिस का Action, 13 पिस्तौलों सहित 8 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 05:30 PM (IST)
अमृतसर: कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 13 अवैध पिस्तौल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले 6 नेटवर्क का पर्दाफाश कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के कथित तौर पर विदेशों में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि अवैध हथियार मंगवाने के बाद उन्हें आगे अलग-अलग लोगों तक पहुंचाया जाता था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार कहां से मंगवाए गए और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
चार थानों में दर्ज हुई FIR
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई को लेकर थाना छेहरटा, थाना गेट हकीमां, थाना सुल्तानविंड और थाना डी-डिवीजन में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
13 पिस्तौल की बरामदगी के बाद पुलिस अब हथियारों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। यानी हथियारों की सप्लाई कहां से शुरू हुई और इनके जरिए आगे कौन-कौन लोग जुड़े थे, इसका पता लगाया जा रहा है। नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

