जालंधर में पुलिस एनकाउंटर दौरान युवक की मौ''त, इलाके में तनाव
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 09:49 AM (IST)
जालंधर : जालंधर जिले में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां हत्या के प्रयास के मामले में वांछित युवक की पुलिस एनकाउंटर दौरान मौत हो गई। यह घटना मेहतपुर थाना क्षेत्र के गांव बंगीवाल की बताई जा रही है। पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेने उसके घर पहुंची थी, लेकिन हालात अचानक बेकाबू हो गए।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया था, इसी दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। हालात तनावपूर्ण होने लगे और पुलिस के अनुसार, भीड़ की ओर से फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मेहतपुर निवासी लवप्रीत उर्फ लवी के रूप में हुई है।
वहीं दूसरी ओर, मृतक के परिवार ने पुलिस की कहानी को सिरे से खारिज किया है। परिजनों का आरोप है कि लवप्रीत उस समय घर के बाथरूम में मौजूद था और बाहर निकलते ही पुलिस ने पीछे से उस पर गोलियां चला दीं। परिवार का कहना है कि गोली उसकी जांघ के ऊपरी हिस्से में लगी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी जान चली गई।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बहस बढ़ गई, जो बाद में धक्का-मुक्की और तनाव में बदल गई। इसी बीच फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिससे हालात और बिगड़ गए। घायल युवक को नकोदर सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया था। मृतक के चाचा छिंदा सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, जालंधर के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

