बेकसूर को प्रताड़ित करने पर एस.एच.ओ. सहित 2 हवलदार, 1 कांस्टेबल बर्खास्त

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 10:35 AM (IST)

अमृतसर/तरनतारन(इन्द्रजीत, रमन): अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु बॉर्डर रेंज पुलिस ने अपराधियों का साथ देने पर जहां कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित व सस्पैंड किया है। वहीं बेकसूर लोगों को आपराधिक मामलों में फंसाकर उनसे बतौर फिरौती उन्हें केस से बाहर निकालने की कवायद में मोटी रकम वसूलने पर भी बॉर्डर रेंज पुलिस ने कड़े तेवर दिखाए हैं। इस संबंध में आई.जी. बॉर्डर रेंज एस.पी.एस. परमार ने बताया कि बी.एस.एफ. ने बीते माह 14 जुलाई को मेजर सिंह नामक एक व्यक्ति को ट्रैक्टर से 550 ग्राम हैरोइन के मामले में काबू किया था। इसमें उसके साथ एक अन्य व्यक्ति गुरविंद्र सिंह फरार हो गया था। 

थाना पट्टी में दर्ज एफ.आई.आर. के मुताबिक की जा रही कार्रवाई के बीच थाना सदर पट्टी के इंचार्ज प्रीतइंद्र सिंह के कहने पर 3 पुलिस कर्मचारियों, जिसमें 2 हवलदार व 1 कांस्टेबल था, एस.एच.ओ. प्रीतइंद्र सिंह की सरकारी जीप बोलैरो (नं. पीबी 46 डब्ल्यू 1812) पर सवार होकर फिरोजपुर के गांव कमानवाला क्षेत्र में पहुंचे। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक उक्त मामले की कोई लिखित कार्रवाई नहीं की गई और न ही उक्त मामले में उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई।

मामले की अगली कडियों में हरपिंद्र सिंह नाम के व्यक्ति को फिरोजपुर से जीप में डालकर थाना पट्टी लाया गया और उसे 2 दिन की अवैध हिरासत में बुरी तरह प्रताडि़त किया गया। इसी बीच उस पर दबाव बनाया गया व उसे नार्कोटिक के केस में फंसा देंगे, जिसमें उसे लंबी सजा हो सकती है। इस मुसीबत से बचने के लिए पीड़ित हरपिंद्र सिंह से 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई। इसकी जानकारी हरन्द्रि के परिजनों ने विजीलैंस को दे दी जिस पर ट्रैप लगाते हुए विजीलैंस ने पुलिस कर्मियों को 50 हजार रुपए की राशि सहित गिरफ्तार कर लिया था।

इसके उपरांत कार्रवाई करते हुए एस.एस.पी. तरनतारन डी.एस. मान ने हवलदार बलविंद्र सिंह, हवलदार रसाल सिंह, कांस्टेबल गुरविंद्र सिंह को तुरंत प्रभाव से डिसमिस कर दिया, जबकि इस पूरे मामले के लिए आरोपी पाए जाने पर एस.एच.ओ. पट्टी प्रीतइन्द्र सिंह पर भी कार्रवाई करने हेतु आई.जी. बॉर्डर रेंज को सिफारिश कर दी गई, जिसे तुरंत मानते हुए एस.पी.एस. परमार ने उक्त मामले में 2 हलवदारों व 1 कांस्टेबल सहित एस.एच.ओ. पट्टी को भी डिसमिस करने के आदेश जारी कर दिए। 

swetha