पुलिस की गन हाउसों पर रेड, पंजाब में हथियारों के दुरुपयोग पर शिकंजा
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 07:17 PM (IST)
पंजाब डेस्क: मोहाली में हथियारों के दुरुपयोग को रोकने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पंजाब पुलिस की टीमों ने जिले के सभी गन हाउसों पर एक साथ चेकिंग की, जिससे हथियार कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मच गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गन हाउस मालिकों से उन सभी ग्राहकों का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया है, जिन्होंने पिछले समय में हथियार खरीदे या जमा कराए हैं। इस अभियान के निर्देश जिला पुलिस प्रमुख हरमनदीप सिंह ने दिए थे, जिसके बाद सब-डिवीजन स्तर पर टीमें बनाकर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान लाइसेंस, पहचान पत्र, खरीद-फरोख्त रजिस्टर और हथियारों के स्टॉक से जुड़े दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला गया। जिले में कुल 10 गन हाउस हैं, जिनमें से कई जगहों पर निरीक्षण पूरा हो चुका है, जबकि बाकी पर कार्रवाई जारी है।
एसपी (मुख्यालय) हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि यह कदम संदिग्ध गतिविधियों को रोकने और हथियारों के गलत इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों के लाइसेंस एक्सपायर हो चुके हैं या जो बिना जरूरत हथियार अपने पास रखे हुए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस रद्द करने तक की तैयारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

