फरीदकोट में गैंगस्टरों व नशा तस्करों पर चला पुलिस का डंडा! एक साथ पूरे जिले में Raid

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 06:56 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत फरीदकोट पुलिस ने शनिवार को ऑपरेशन ‘प्रहार 3.0’ के अंतर्गत पूरे जिले में एक साथ बड़े स्तर पर छापेमारी करते हुए आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 100 आरोपियों को काबू करने के साथ-साथ 30 से अधिक नशा तस्करों और 3 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो अवैध पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं।

पंजाब के माननीय डीजीपी गौरव यादव के दिशा-निर्देशों तथा आईजी फरीदकोट रेंज निलांबरी जगदाले (आईपीएस) के मार्गदर्शन में एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमों ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आपराधिक तत्वों के संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। विशेष अभियान के दौरान गंभीर अपराधों से जुड़े 4 दर्जन से अधिक ऐसे वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनकी गिरफ्तारी लंबे समय से लंबित थी। इसके अलावा करीब 100 अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विभिन्न मामले दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 30 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कार्रवाई के दौरान दो अवैध पिस्तौल भी बरामद किए गए। इसके साथ ही विभिन्न अदालतों द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन ‘प्रहार 3.0’ अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में अपराधियों, गैंगस्टरों तथा नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले से अपराध और नशा तस्करी का पूरी तरह सफाया कर लोगों को सुरक्षित, निडर और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना फरीदकोट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और प्रत्येक दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News