पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 04:27 PM (IST)
संगरूर (सिंगला): संगरूर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस संगरूर द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सदर धूरी के इलाके में हुए एक अंधे कत्ल का सुराग लगाकर 3 कथित आरोपियों को काबू किया गया है।
डॉ. रवजोत ग्रेवाल और संगरूर के एसपी दविंदर अत्री ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 8 मई 2026 को शिकायतकर्ता (मुदई) के लड़के जगतार सिंह (निवासी मीमसा, उम्र करीब 38 वर्ष) की प्राकृतिक मृत्यु होने का मामला सामने आया था। जिसके बाद 9 मई 2026 को मृतक जगतार सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर के बयानों के आधार पर धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई थी।
मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण दविंदर अत्री (कप्तान पुलिस इन्वेस्टिगेशन संगरूर) के कुशल नेतृत्व और गुरप्रीत सिंह (उप-कप्तान पुलिस सब-डिवीजन धूरी) की निगरानी में इंस्पेक्टर करनवीर सिंह संधू (मुख्य अफसर थाना सदर धूरी) द्वारा मानवीय सूत्रों व तकनीकी (टेक्निकल) ढंग से तफ्तीश की गई। जांच में यह बात सामने आई कि मृतक जगतार सिंह की पत्नी मनप्रीत कौर के सुखवीर सिंह (पुत्र गुलजार सिंह, निवासी भोगीवाल, जिला मलेरकोटला) के साथ नाजायज संबंध थे। इन प्रेम संबंधों में रोड़ा बनने के कारण सुखवीर सिंह ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अपने साथी के साथ मिलकर गांव मीमसा के खेतों में बंद पड़े एक पिग फार्म (सूअर पालन केंद्र) में जगतार सिंह की हत्या कर दी। इसके बाद मृतक जगतार सिंह की माता सुरजीत कौर के बयानों पर मुकदमा नंबर 161 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
दौरान-ए-तफ्तीश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित आरोपी सुखवीर सिंह (पुत्र गुलजार सिंह) और यासीन मोहम्मद उर्फ जस्सी (पुत्र माजिद खान, दोनों निवासी भोगीवाल, जिला मलेरकोटला) को गिरफ्तार किया। वहीं, आज दिनांक 5 जून 2026 को मृतक जगतार सिंह की पत्नी व कथित आरोपण मनप्रीत कौर (निवासी मीमसा) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल कर उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

