पहले वायरल वीडियो पर पुलिस की जीरो कार्रवाई, दूसरे दिन फिर गुप्तांग में इंजेक्शन लगाते युवक का वीडियो आया सामने

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 08:55 AM (IST)

लुधियाना,  (राज): पंजाब पुलिस के दावों और युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान की जमीनी हकीकत तार-तार होती नजर आ रही है। डिवीजन नंबर 3 के अधीन गऊशाला रोड स्थित चोपड़ा स्कूटर वाली गली के खाली प्लॉट में युवकों द्वारा सरेआम हाथ और गुप्तांगों में नशे के इंजेक्शन लगाने का वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस प्रशासन गहरी नींद से नहीं जागा। यहा तक के पंजाब केसरी ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था ताकि पुलिस कोई कार्रवाई करें। लेकिन, पुलिस की इस घोर लापरवाही का नतीजा यह रहा कि दूसरे दिन (सोमवार) फिर उसी प्लॉट में फिर एक अन्य युवक खुलेआम अपने प्राइवेट पार्ट में नशे का इंजेक्शन लगाता कैमरे में कैद हो गया। इतना ही नहीं, इसी इलाके से एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक जानलेवा जॉम्बी नशे की गिरफ्त में आकर गली में बेसुध झूलता नजर आ रहा है। बैक-टू-बैक वायरल हो रहे इन वीडियोज ने शहरवासियों को दहशत में डाल दिया है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने झांकना भी जरूरी नहीं समझा, दूसरे दिन फिर पहुंचा नशेड़ी :
स्थानीय निवासियों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब पहले दिन के वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ने उक्त खाली प्लॉट की तरफ रुख तक नहीं किया। लोगों ने बताया कि पुलिस की इस बेरुखी और अनदेखी का फायदा उठाते हुए सोमवार को फिर एक युवक बेखौफ अंदाज में झाडिय़ों के बीच उसी लावारिस प्लॉट में दाखिल हुआ। उसने चारों तरफ नजर घुमाई और बिना किसी खौफ के खड़े-खड़े सीधे अपने गुप्तांग में नशे का इंजेक्शन घोंप दिया। पास ही स्थित एक इमारत की छत से स्थानीय लोगों ने उसकी इस खौफनाक हरकत को भी मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लोगों का कहना है कि जब खाकी का कोई डर ही नहीं बचा, तो नशेडिय़ों के कदम कैसे रुकेंगे?

जॉम्बी ड्रग की गिरफ्त में युवक, गली में झूलता दिखा नशेड़ी युवक :
गऊशाला रोड इलाके से ही सामने आया दूसरा वीडियो और भी ज्यादा रोंगटे खड़े कर देने वाला है। इस वीडियो में एक युवक गली के बीचों-बीच बुरी तरह लडख़ड़ाता और बेसुध झूलता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, युवक ने किसी खतरनाक सिंथेटिक या जॉम्बी नशे का सेवन कर रखा था, जिसके असर से इंसान का अपने शरीर और दिमाग पर कोई संतुलन नहीं रहता। युवक की हालत इतनी बदतर थी कि आसपास खड़े लोग मोबाइल से उसकी वीडियो बना रहे थे, लेकिन उसे अपने आसपास की दुनिया की रत्ती भर भी सुधबुध नहीं थी। वह जिंदा लाश की तरह बार-बार जमीन की ओर झुक रहा था। यह मंजर देखकर राहगीरों और दुकानदारों की रूह कांप गई।

युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान कागजों में सिमटा, जनता में खौफ :
पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश भर में नशा तस्करों की कमर तोडऩे के लिए जोर-शोर से युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, लेकिन गऊशाला रोड से लगातार सामने आ रही ये तस्वीरें बयां कर रही हैं कि धरातल पर यह अभियान पूरी तरह पानी में बहता नजर आ रहा है। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि इसी खाली प्लॉट में दो साल पहले एक युवक ओवरडोज से अपनी जान गंवा चुका है, फिर भी पुलिस ने इसे सील करने या नियमित गश्त लगाने की जहमत नहीं उठाई। इलाके में खुलेआम घूम रहे इन बेकाबू नशेडिय़ों के चलते बहन-बेटियों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नशे की खुराक का जुगाड़ करने के लिए ये कभी भी किसी पर जानलेवा हमला या लूटपाट कर सकते हैं।

कमिश्नर स्वप्न शर्मा से सख्त कार्रवाई की गुहार :
स्थानीय दुकानदारों, सामाजिक संगठनों और निवासियों ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि संबंधित थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस को बार-बार आगाह करने पर भी कोई असर नहीं हो रहा। जनता ने पुरजोर मांग की है कि इस पूरे इलाके में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर खाली प्लॉटों को सील किया जाए, खुलेआम इंजेक्शन ठूंसने वालों को दबोचकर नशामुक्ति केंद्रों में भेजा जाए और सबसे अहम यह कि गऊशाला रोड व आसपास के क्षेत्रों में मौत का यह सामान सप्लाई करने वाले बड़े नशा तस्करों को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News