परिवार से बदसलूकी पर शराबी पुलिस कर्मी को किया सस्पेंड

punjabkesari.in Sunday, Aug 26, 2018 - 08:36 PM (IST)

नंगल( राजवीर): नंगल से सटे हिमाचल के जिला ऊना के मैहतपुर बैरियर पर देर रात पुलिस कर्मी द्वारा गाड़ी में सफर कर रहे एक परिवार से दुव्र्यवहार करने का मामला सामने आया है। इसके बाद एक पुलिस कर्मी को सस्पेंड करने के साथ-साथ एक अन्य को शो काज नोटिस दिया गया है। मामले की जानकारी पीड़ित परिवार ने देर रात ही फोन कर एसपी ऊना दिवाकर शर्मा को दी थी। जिन्होंने खुद मौके पर पहुंच सच्चाई का पता लगाया।

चंडीगढ़ से हिमाचल नगरोटा जा रहे परिवार की महिला के साथ मैहतपुर बैरियर पर पुलिस कर्मी ने बदसलूकी की। जानकारी में रेणुका बहल अपने परिवार के साथ खुद कार चलाकर जा रही थी कि उसे मैहतपुर बैरियर पर रूटीन जांच के लिए रोका गया। इसके उपरांत हैड कांस्टेबल सुरजीत सिंह ने उससे उसका लाइसेंस मांगा। जैसे ही महिला ने अपने पर्स में से लाइसेंस निकाल कर देने की कोशिश की वैसे ही हेड कांस्टेबल ने महिला रेणुका बहल का पर्स छीन लिया। जिस वक्त यह घटना हुई उस समय पुलिस कर्मी ने शराब पी रखी थी। 

वह महिला पर फब्तियां कसने लगा तो परिवार ने इस बात की जानकारी जिला ऊना के एसपी को दी। इसके बाद तुरंत एक्शन लेते हुए एसपी ऊना  दिवाकर शर्मा ने  देर रात 1:30 बजे मैहतपुर बैरियर पर दबिश दी। इस दौरान उक्त पुलिस कर्मी को नशे की हालत में पाया गया। दिवाकर शर्मा खुद रात में कार चला कर पहुंचे और सच्चाई का पता किया। एसपी ने उक्त पुलिस कर्मी  सुरजीत सिंह को तुरंत सस्पेंड कर नोटिस जारी किया। इसके अलावा मैहतपुर थाना के एसएचओ को शो काज नोटिस दिया गया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। इससे पहले भी एसपी दिवाकर शर्मा कई बार देर रात तक जिले के बैरियरों का निरीक्षण कर चुके हैं।
 

Des raj