Video: थाने में घुस कर बदमाशों ने पुलिस कर्मचारियों को जमकर पीटा, जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे

punjabkesari.in Saturday, Sep 07, 2019 - 05:29 PM (IST)

फाजिल्का (सुनील नागपाल): जिला फाजिल्का के थाना अरनीवाला में कुछ लोगों द्वारा थाने में दाखिल होकर पुलिस कर्मचारियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। थाने में हुई यह सारी घटना सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई। दरअसल, सट्टा लगाने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसको फिरोजपुर की केंद्रीय जेल में भेज दिया गया लेकिन इससे निराश महिला का पति और देवर अपने भतीजों के साथ थाने में आया और पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले के दौरान दो पुलिस कर्मचारी जख्मी हो गए, जिनको फाजिल्का के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। 

डंडों से किया हमला
सी.सी.टी.वी. फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे बेखोफ आरोपी पुलिस कर्मचारियों को थाने में दौड़ा-दौड़ा कर डंडों से मार रहे हैं और पुलिस अधिकारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं। अस्पताल में दाखिल पुलिस कर्मचारी सलविंदर सिंह और जोमिल मसीह ने बताया कि वह थाना अरनीवाला के गेट पर तैनात थे। इस दौरान कुछ लोग जबरदस्ती थाने में दाखिल होने की कोशिश करने लगे। जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने उनकी बंदूकें छीन ली और डंडों से उनपर हमला कर दिया। जिस दौरान वह दोनों जख्मी हो गए। 

क्या कहना है एस.एच.ओ. का
इस संबंधी जब थाना अरनीवाला के एस.एच.ओ. कौर सिंह के साथ बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि 5 लोगों पर थाने के अंदर दाखिल होने और पुलिस कर्मचारियों की मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। कौर सिंह ने बताया कि फिलहाल पांचों आरोपी फरार हैं, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। 


 

Mohit