पंजाब पुलिस में भर्ती पर सियासत तेज, मान सरकार व कांग्रेस में छिड़ी आपसी जंग

punjabkesari.in Tuesday, Aug 23, 2022 - 05:13 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब में पुलिस भर्ती को लेकर सियासत एक बार फिर से गरमा गई है। या यूं कहें कि पुलिस भर्ती को लेकर मान सरकार व कांग्रेस के बीच 'क्रेडिट वार' शुरू हो गया है। सी.एम. मान द्वारा आज 4,358 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए, जिसके बाद राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है। एक तरफ मान सरकार नियुक्ति पत्र देकर खुद क्रैडिट लेना चाह रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने इस पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि इन युवाओं की भर्ती हमने की थी। 

कांग्रेस नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा ने मान को इस मुद्दे पर आड़े हाथों लिया है। उन्होंने टवीट के माध्यम से कहा कि यह भर्ती कांग्रेस सरकार के समय हुई थी। चुनाव नजदीक होने के चलते इसे रोक दिया गया था। रंधावा का कहना है कि मान सरकार ने 5 महीने तक इस प्रक्रिया को लटकाए रखा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि मान सरकार को पिछली सरकारों के काम की क्रेडिट लेने की आदत हो गई है।

Content Writer

Subhash Kapoor