पुर्तगाली दुल्हन ने पंजाबी युवक के सपनों पर फेरा पानी, ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने किया डिपोर्ट

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2020 - 12:12 PM (IST)

पटियाला(बलजिन्दर): पंजाबी नौजवानों की विदेशों में जाने की इच्छा लगातार लालची व्यक्तियों द्वारा फायदा उठाया जा रहा है। खास तौर पर बड़े देशों में सैटल होने को लेकर रोजाना कई ऐसे धोखाधड़ी केस सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक केस शक्ति कालोनी पटियाला में सामने आया है, जहां नौजवान के साथ 33 लाख रुपए की ठगी हुई है। एजेंट ने पैसे लेकर परमजीत कौर नाम की महिला के बेटे को पुर्तगाल भेजना था परन्तु उसे ऑस्ट्रेलिया भेज दिया। इस मामले में थाना सिविल लाइन की पुलिस ने कृपाल सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी जनता नगर धुरी जिला संगरूर के खिलाफ 420 और 120बी आई.पी.सी. के अंतर्गत केस दर्ज किया है। परमजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा मनजिन्दर सिंह मलेशिया में नौकरी करता है।

कृपाल सिंह उसका रिश्तेदार है, जिसने परमजीत कौर को कहा कि वह उसके बेटे को यूरोपियन देश में सैट करवा देगा। इसके बाद कृपाल सिंह ने शिकायतकत्र्ता के बेटे मनजिन्दर सिंह का विवाह एक पुर्तगाली लड़की के साथ करवा दिया। पुर्तगाली लड़की विवाह के बाद वापिस पुर्तगाल चली गई। इसके बाद परमजीत कौर ने कृपाल सिंह और उसके रिश्तेदारों के खातों में 33 लाख रुपए डाल दिए। इसके बाद कृपाल सिंह ने उसके बेटे को पुर्तगाल की बजाय ऑस्ट्रेलिया भेज दिया।

जब उसके बेटे ने ऑस्ट्रेलिया जाकर पी.आर. के लिए अप्लाई किया तो और अपनी पत्नी को ऑस्ट्रेलिया बुलाया तो वह ऑस्ट्रेलिया नहीं आई। इसके बाद उसके बेटे को ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने हिरासत में ले लिया और हिरासत से बाहर आने के बाद भारत वापिस भेज दिया। इस तरह पहले तो उसके बेटे को पुर्तगाल की बजाय ऑस्ट्रेलिया भेज दिया गया और फिर पुर्तगाली लड़की के ऑस्ट्रेलिया नहीं पहुंचने के कारण उसके बेटे मनजिन्दर सिंह का पी.आर. का केस रद्द हो गया।
 

Vaneet