2 दिन से बिजली कटों ने मचाया हाहाकार, भीषण गर्मी में बेहाल लोग
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 12:53 AM (IST)
राहों (प्रभाकर): पंजाब सरकार के 24 घंटे बिजली देने के बड़े-बड़े दावों की पोल उस वक्त खुल गई, जब राहों शहर में पिछले 2 दिनों से लग रहे लंबे-लंबे बिजली कटों के कारण हाहाकार मच गया। पावरकॉम की इस लापरवाही ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है।
बिजली न होने की वजह से घरों में रखे इनवर्टर भी ठप्प हो गए, जिससे भीषण गर्मी में बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग पूरी रात तड़पने को मजबूर रहे। हद तो तब हो गई जब परेशान लोगों के फोन करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा और न ही कट लगने की कोई वजह बताई।
स्थानीय निवासियों ने जिले के बिजली विभाग के एक्सियन से तुरंत हस्तक्षेप कर अघोषित कटों को बंद करने की पुरजोर मांग की है। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सरकार को 2027 के विधानसभा चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
इस संकट की सबसे बड़ी मार किसानों पर पड़ रही है, जिनकी धान की फसल तैयार खड़ी है। एक तरफ जहां मौसम की मार ने उन्हें बेहाल किया है, वहीं दूसरी तरफ बिजली न मिलने के कारण मजबूरी में महंगा डीजल चलाकर सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे उन पर भारी कर्ज का खतरा मंडरा रहा है।

