पंजाब कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी! वड़िंग की कुर्सी पर संकट, नए प्रधान की तलाश तेज

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 07:15 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पंजाब कांग्रेस में प्रदेश नेतृत्व को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बहुत जल्द पंजाब कांग्रेस में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सूत्रों के अनुसार मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बदले जाने की चर्चा के बीच नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर पार्टी के अंदर मंथन चल रहा है।

ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान जल्द ही पंजाब कांग्रेस के संगठन में बदलाव का ऐलान कर सकता है। बुधवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं और तेज हुई हैं। हालांकि, नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। 

सोर्सेज के मुताबिक इस रेस में कई बड़े चेहरे हैं। अगर वड़िंग को हटाया जाता है और जट्‌टसिख कम्युनिटी पर ही कांग्रेस फोकस करती है तो फिर कांग्रेस विधायक दल नेता प्रताप बाजवा या MLA परगट सिंह नए प्रधान हो सकते हैं। अगर कांग्रेस हिंदू चेहरे की तरफ गई तो पूर्व सांसद विजय इंदर सिंगला को कुर्सी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी, परगट सिंह, सुखजिंदर रंधावा, राणा गुरजीत भी इस दौड़ में बने हुए हैं।

वहीं, पंजाब कांग्रेस प्रभारी बनाए गए सचिन पायलट की भूमिका भी इस पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सितंबर में पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाया गया था, जिसके बाद पार्टी संगठन में बदलाव और गुटबाजी को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस हाईकमान राजा वड़िंग को लेकर क्या फैसला करता है और अगर बदलाव होता है तो पंजाब कांग्रेस की कमान किस नेता को सौंपी जाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News