सोढल मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की तैयारी, निगम ने संभाला मोर्चा, छात्राओं ने दिया संदेश
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 11:13 AM (IST)
जालंधर (खुराना): सोढल मेले को प्लास्टिक फ्री बनाने के उद्देश्य से नगर निगम जालंधर की ओर से देवी सहाय एस.डी. गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल के सहयोग से मेले से पहले जागरूकता रैली निकाली गई। स्कूल की छात्राओं ने उत्साह के साथ रैली में भाग लिया और स्वच्छता के नारे लगाकर लोगों को सोढल मेले के दौरान प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया। बच्चों ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करने और मेले के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

स्कूल की प्रिंसिपल एकता अरोड़ा और पूरे स्टाफ ने जागरूकता अभियान में सहयोग दिया। इस मौके पर पार्षद और निगम अधिकारियों ने सोढल मेले से संबंधित लंगर कमेटियों से अपील की कि लंगर में प्लास्टिक की प्लेटों और अन्य सामान का इस्तेमाल न किया जाए। इसके बजाय पत्तल और गत्ते की प्लेटों का प्रयोग किया जाए, ताकि मेला साफ-सुथरा और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर हेल्थ अफसर डॉ. श्री कृष्ण, सेनेटरी इंस्पेक्टर विक्रांत सिद्धू और मोनिका सेखड़ी, सी.एफ. अमनदीप कौर और मोटीवेटर्स ने भी लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने और सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया। सैनेटरी इंस्पैक्टर मोनिका सेखड़ी ने जागरूकता अभियान में सहयोग देने के लिए पार्षद, उनकी टीम, स्कूल की प्रिंसिपल, स्टाफ और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। नगर निगम की ओर से शहरवासियों से अपील की गई कि सोढल मेले को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में सहयोग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

