प्रिंसिपल की बेरहमी से हत्या: बदमाशों ने बंधक बनाकर उतारा मौ/त के घाट, इलाके में दहशत

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 03:55 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के अंतर्गत आते गांव जंडियाली से दिल दहला देने वाली और कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां अपने ही घर में स्कूल चलाने वाले एक 50 वर्षीय प्रिंसिपल की देर रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के लिए घर में दाखिल हुए नकाबपोश बदमाशों ने पहले प्रिंसिपल और उनके बेटे को बंधक बनाया, उनके साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से प्रिंसिपल पर वार कर उन्हें मौत की नींद सुला दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा सोमवार सुबह हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय इकबाल सिंह के रूप में हुई है, जो गांव जंडियाली में अपने निवास स्थान पर ही एक स्कूल का संचालन करते थे और खुद वहां बतौर प्रिंसिपल कार्यरत थे। वारदात के संबंध में मृतक के बेटे ने पुलिस को दिए रोंगटे खड़े कर देने वाले बयानों में बताया कि देर रात दो अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर लूट की नीयत से उनके घर के भीतर दाखिल हुए। अंदर आते ही आरोपियों ने हथियारों के बल पर उन दोनों को काबू कर लिया और रस्सियों से बंधक बना दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन दोनों के साथ जमकर मारपीट की। जब इकबाल सिंह ने खुद को और बेटे को बचाने के लिए मुकाबला करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बदमाश वारदात को अंजाम देकर रात के अंधेरे में ही मौके से फरार हो गए। सुबह किसी तरह जब इस खौफनाक घटना की भनक आस-पड़ोस के लोगों और परिजनों को लगी, तो घर के भीतर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। इकबाल सिंह खून से लथपथ हालत में बेसुध पड़े थे। तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शुरुआती मुआयने के दौरान मृतक इकबाल सिंह की गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे कट के निशान मिले हैं, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों के आने-जाने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला लूटपाट का है, पुरानी रंजिश का या फिर इसके पीछे कोई और पारिवारिक या कारोबारी वजह है, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हर एंगल से गहराई से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News