लुधियाना जेल का कैदी पी.जी.आई. से फरार

punjabkesari.in Saturday, Sep 01, 2018 - 10:54 PM (IST)

लुधियाना (स्याल): यहां की सैंट्रल जेल में सजायाफ्ता कैदी अनिल पासवान चंडीगढ़ पी.जी.आई. से जेल गार्द कर्मचारियों को चकमा देकर फरार हो गया। पेट में पत्थरी की दर्द की शिकायत के चलते उसे 30 अगस्त को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से डाक्टरों ने पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल भेज दिया। राजिंद्रा अस्पताल ने शुक्रवार को पी.जी.आई. रैफर किया था। सैंट्रल जेल के 3 गार्द कर्मी उसे गत रात्रि ही पी.जी.आई. लेकर गए थे। फरार हुए कैदी अनिल पासवान की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। वहीं पंजाब के सभी जिला पुलिस स्टेशनों सहित पड़ोसी राज्यों की पुलिस को सूचित कर दिया है। 

इन केसों के तहत था जेल में बंद 
मूल रूप से बिहार के रहने वाले कैदी अनिल पासवान पर थाना फोकल प्वाइंट सहित अन्य पुलिस थानों में 7 केस दर्ज हैं। पासवान को 2 मामलों में कैद की सजा मिली है, जबकि अन्य 5 मामले अभी अदालतों में विचाराधीन हैं। इनमें एन.डी.पी.एस. एक्ट व धोखाधड़ी के मामले बताए जा रहे हैं। मौजूदा समय में उक्त कैदी फोकल प्वाइंट के ईश्वर काका वेहड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है।

सुरक्षा गार्द कर्मियों को सस्पैंड करने संबंधी ए.डी.जी.पी. को लिखा पत्र 
जेल के सुपरिंटैंडैंट शमशेर सिंह बोपाराय ने बताया कि जेल के डी.एस.पी. कुलविंद्र सिंह को उक्त मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कैदी अनिल पासवान को लेकर पी.जी.आई. गए सैंट्रल जेल के वार्डन रणबीर सिंह, गुरमोहन सिंह व तरसेम सिंह द्वारा बरती लापरवाही बारे उनको सस्पैंड करने संबंधी ए.डी.जी.पी. (जेल) इकबालप्रीत सिंह सहोता को पत्र भेजा गया है। वहीं पी.जी.आई. को भी उक्त गार्द कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए लिखा गया है। 

Des raj