प्रियंका ने UP में सभी सीटों पर बनाए को-आर्डीनेटर, सीधे उन्हें ही करेंगे रिपोर्ट

punjabkesari.in Thursday, Mar 07, 2019 - 11:00 AM (IST)

जालन्धर(धवन): कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश में सभी सीटों पर को-आर्डीनेटरों की तैनाती कर दी है। मैदान में उतारने से पहले इन को-आर्डीनेटरों को कम्प्यूटर से लेकर चुनाव प्रबंधन आदि की ट्रेनिंग दी गई है। अमेठी व रायबरेली की तर्ज पर नियुक्त पार्टी के ये को-आर्डीनेटर अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव व पार्टी नेताओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखेंगे। इन को-आर्डीनेटरों को प्रियंका ने चुनाव खत्म होने तक अपने-अपने क्षेत्रों में कैंप करने के लिए कहा है। 

कांग्रेसी हलकों ने बताया कि अभी तक यू.पी. में गांधी परिवार द्वारा रायबरेली तथा अमेठी में ही को-आर्डीनेटरों की नियुक्ति की जाती रही है। मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी ने को-आर्डीनेटरों की नियुक्ति का सफल प्रयोग किया था। पार्टी के अनुसार राजस्थान में को-आर्डीनेटरों की नियुक्ति नहीं हुई थी तथा चुनाव के बाद यह महसूस किया गया था कि अगर राजस्थान में भी को-आर्डीनेटरों की नियुक्ति की जाती तो 25 से 30 सीटों का इजाफा हो सकता था। 

को-आर्डीनेटरों की तैनाती में नौजवानों, एन.एस.यू.आई. तथा यूथ कांग्रेस के नेताओं को पहल दी गई है। इन को-आर्डीनेटरों के साथ सहायकों की नियुक्तियां भी कई गई हैं। मध्यप्रदेश में लगाई गई टीम के लोग भी यहां को-आर्डीनेटर बनाए गए हैं। सभी को-आर्डीनेटरों को प्रियंका गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लगाए गए राष्ट्रीय सचिवों ने बकायदा ट्रेनिंग दी है। 

को-आर्डीनेटर सार्वजनिक तौर पर कार्यक्रमों का आयोजन नहीं करेंगे। ये को-आर्डीनेटर चुपचाप काम करेंगे। चुनाव के स्थानीय समीकरण, मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में कौन-सा उम्मीदवार उपयुक्त होगा, उसके बारे में बूथ स्तर तक ही रिपोर्ट प्रियंका को देंगे। ये को-आर्डीनेटर देखेंगे कि कौन-कौन सा नेता किस-किस क्षेत्र में रह कर काम कर रहा है। लखनऊ तथा दिल्ली में बड़े नेताओं का आपस में तालमेल भी बिठाया जाएगा। को-आर्डीनेटर देखेंगे कि कौन-कौन से कांग्रेसी नेता जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं तथा कौन-कौन से हवाई बातें करने में संलग्र हैं। हर छोटी-बड़ी घटना की जानकारी अब प्रियंका गांधी तक पहुंचेगी, क्योंकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेसी उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन तो प्रियंका ने ही करना है।

swetha