नशे की रोकथाम के लिए प्रोजैक्ट दर्पण लांच

punjabkesari.in Sunday, Jan 26, 2020 - 01:06 PM (IST)

अमृतसर(नीरज, कमल): अमृतसर जिले में नशे की रोकथाम करने में बुरी तरह से विफल रहे जिला प्रशासन की तरफ से नशे की रोकथाम करने के लिए एक और पहल की गई है। डी.सी. शिवदुलार सिंह ढिल्लों की अगुवाई में प्रशासन की तरफ से नशे की रोकथाम हेतु प्रोजैक्ट दर्पण लांच किया गया है जिसका रस्मी उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सुखबिन्दर सिंह सरकारिया की तरफ से किया गया। वैसे इस प्रकार का प्रोजैक्ट शुरू करने वाला अमृतसर जिला पंजाब में पहला जिला है जहां इस प्रकार का प्रौजैक्ट शुरू किया गया है। डी.सी. शिवदुलार सिंह ढिल्लों ने बताया कि नशे संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी फोन या फिर कम्प्यूटर के एक क्लिक पर दी जाएगी यह जानकारी सीधी प्रशासन व पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास जाएगी। इसमें सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्ता रखा जाएगा। 

इसके अलावा सूचना पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी समय समय पर दी जाती रहेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुखबिन्दर सिंह सुखसरकारिया ने कहा कि पंजाब सरकार नशे की रोकथाम करने के लिए वचनबद्ध हैं। इस प्रकार की योजना से आम जनता का साथ भी नशे का खात्मा करने के लिए सरकार को मिलेगा। नशा पीड़ितों को नशा छुड़ाने व उनका पुर्नववास करने में सरकार को मदद मिलेगी। ए.डी.सी. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि इस योजना में सेहत विभाग, शिक्षा, रैड क्रास, पुलिस व गैर सरकारी संस्थाओं का साथ लिया गया है। इस अवसर पर विधायक राजकुमार वेरका, मेयर करमजीत सिंह रिंटू, पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के अलावा राजनीतिक गण्यमान्य उपस्थित थे।

अमृतसर में हैरोइन तस्करी ने तोड़े पूरे देश के रिकार्ड
नशे की रोकथाम के लिए आए दिन बड़े-बड़े दावे करने वाले प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को शायद इस बात का ज्ञान नहीं है कि अमृतसर जिले में इस समय हैरोइन तस्करी के देश के सभी रिकार्ड टूट चुके हैं। अमृतसर जिले में ही आई.सी.पी. अटारी पर सड़क मार्ग रास्ते होने वाली तस्करी की अब तक की सबसे बड़ी हैरोइन की खेप 532 किलो पकड़ी जा चुकी है। बीएसएफ की तरफ से आए दिन अमृतसर बार्डर पर हैरोइन की खेप पकड़ी जा रही है यहां तक कि हैरोइन तस्करो का मास्टरमाइंड रणजीत सिंह चीता आज तक पकड़ा नहीं जा सका है। आलम यह है कि प्रशासनिक अधिकारी इस प्रकार के प्रौजैक्ट लांच करके औपचारिकता पूरी कर रहे हैं दर्पण प्रौजैक्ट के बारे में भी प्रशासन की तरफ से जारी की गई रिलीज में कोई जानकारी मीडिया को नहीं दी गई। इस प्रौजैक्ट में कैसे व किससे शिकायत की जा सकती है किस वैबसाइट नंबर पर की जा सकती है इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News