पंजाब नगर निगम महापौर

punjabkesari.in Monday, Apr 12, 2021 - 10:14 PM (IST)

पंजाब में मंत्री के भाई बने मोहाली नगर निगम के महापौर मोहाली/होशियारपुर, 12 अप्रैल (भाषा) पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के भाई अमरजीत सिंह सिद्धू सोमवार को मोहाली नगर निगम के महापौर निर्वाचित हुए।

अधिकारियों ने बताया कि अमरजीत सिंह सिद्धू के अलावा अमरीक सिंह सोमल और कुलजीत सिंह बेदी क्रमश: वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर निर्वाचित हुए।

फरवरी में मोहाली नगर निगम के 50 वॉर्डों के लिए चुनाव हुए थे। कांग्रेस को 37 सीटों पर जीत मिली थी।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि चार बार के पार्षद सुरिंदर कुमार शिंदा ने होशियारपुर नगर निगम के महापौर के रूप में सोमवार को शपथ ली। वहीं, प्रवीण सैनी और रंजीत चौधरी क्रमशः वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर निर्वाचित हुए।

शिंदा ने कहा कि वह होशियारपुर शहर के विकास के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां चल रही परियोजनाओं के साथ नए काम भी शुरु किए जाएंगे। पंजाब के उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु भी इस अवसर पर मौजूद थे।
फरवरी में कराए गए शहरी निकाय चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी। कांग्रेस को बठिंडा, होशियारपुर, कपूरथला, अबोहर, बटाला, पठानकोट, मोहाली निगम के चुनावों में जीत हासिल हुई थी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency