Punjab : 8 साल की बच्ची को घर ले जाकर की अश्लील हरकत, आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 09:08 PM (IST)
रूपनगर (विजय): मोरिंडा सदर पुलिस ने गांव ढंगराली में एक 8 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकतें करने और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सरबजीत सिंह उर्फ काका पुत्र महेंद्र सिंह के खिलाफ बी.एन.एस. और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में लड़की के परिजन ने बताया कि करीब 3-4 दिन पहले आरोपी कथित तौर पर लड़की को अमरूद का लालच देकर अपने घर ले गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आरोपी ने बच्ची को अपनी गोद में बैठा लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इसके बाद उसने लड़की को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
आरोपी की धमकी के बाद लड़की बुरी तरह डर गई और कुछ दिनों तक अपने माता-पिता या परिवार के किसी अन्य सदस्य को घटना के बारे में नहीं बताया। लड़की की लगातार चुप्पी और घबराहट देखकर जब उसके पिता ने कारण पूछा तो लड़की ने रोते हुए अपने परिवार को कथित घटना की जानकारी दी। घटना का पता चलते ही परिजन सदर मोरिंडा थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सहायक थाना प्रभारी ए.एस.आई. समरजीत सिंह और एस.आई. रमन गोयल के मुताबिक, शिकायत के आधार पर पुलिस ने सरबजीत सिंह उर्फ काका के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 137(2), 65(2), 351(1) और 351(3) और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

