27 अगस्त को Punjab Bandh या सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल? सामने आया बड़ा अपडेट
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 11:17 AM (IST)
चंडीगढ़ (मनप्रीत): पंजाब में 27 अगस्त को सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स द्वारा अपनी पेंडिंग मांगों को लेकर महा हड़ताल की जा रही है जिस कारण राज्य के सरकारी विभागों का कामकाज पूरी तरह से ठप रहेगा। हालांकि कर्मचारी जत्थेबंदियों ने सोशल मीडिया पर फैल रही 'पंजाब बंद' की अफवाहों को पूरी तरह से नकारते हुए साफ किया है कि ये हड़ताल सिर्फ सरकारी दफ्तरों तक ही सीमित रहेगी। इस दौरान बाजार, प्राइवेट इंस्टीट्यूशन, ट्रांसपोर्ट और इमरजेंसी सर्विस पूरी तरह से बहाल रहेंगी।
जानकारी के अनुसार सरकार द्वारा कर्मचारी नेताओं को 27 अगस्त को ही मुख्यमंत्री भगवंत मान से बातचीत के लिए बुलाया गया है पर जत्थेबंदियों ने मीटिंग के बावजूद हड़ताल पूरी दृढ़ता से जारी रखने का ऐलान किया है। कर्मचारी नेताओं ने साफ किया है कि 21 अगस्त को कौमी इंसाफ मोर्चे द्वारा किए गए पंजाब बंद और इस कर्मचारी हड़ताल में बड़ा फर्क है। कुछ शरारती तत्वों द्वारा दुकानें बंद करने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं जिसका मुख्य मकसद कर्मचारियों के जायज संघर्ष को बदनाम करना है। पूरे राज्य में आम बाजार, प्राइवेट दुकानें, कमर्शियल जगहें, रोड ट्रांसपोर्ट, प्राइवेट ऑफिस और बैंक हमेशा की तरह खुले रहेंगे। मेडिकल सर्विस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी सर्विस को हड़ताल से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

