पंजाब में फिर से ED रेड पर AAP व BJP में टकराव! केवल ढिल्लों बोले- भ्रष्टाचारियों को कोई नहीं बचा सकता
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 05:23 PM (IST)
पंजाब डैस्क : 'ईडी द्वारा पंजाब के छोटे व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है', केजरीवाल के इस बयान पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर पलटवार किया है तथा कहा है कि पंजाब के मेहनती व्यापारी किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर AAP नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप क्यों लग रहे हैं और सरकार को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
ढिल्लों ने कहा कि अपने नेताओं पर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए कानूनी प्रक्रिया को राजनीति और धर्म से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पंजाब की जनता सब कुछ समझती है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और ईमानदार लोगों को किसी प्रकार का डर या खतरा नहीं होना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कोई भी नहीं बचा सकता और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।
केवल ढिल्लों ने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के विकास, व्यापारियों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी शासन व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ईमानदार व्यापारियों और आम लोगों के साथ खड़ी रहेगी।


