भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा जनता का गुस्सा, BJP ने पावर ग्रिड का किया घेराव
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 05:08 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब में लगातार बढ़ रहे बिजली संकट और अघोषित कटों को लेकर आम लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी आह्वान पर भाजपा शहरी जिला बठिंडा ने गुरुवार को हनुमान चौक स्थित पावर ग्रिड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा शहरी जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला ने किया।
बड़े संकट से गुजर रहे पंजाब के किसान
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार बिजली व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। भीषण गर्मी के दौर में शहरों और गांवों में घंटों अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार ने लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि लोग दिन-रात बिजली के लिए परेशान हो रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला ने कहा कि पंजाब के किसान इस समय सबसे बड़े संकट से गुजर रहे हैं। धान की फसल को पानी की सबसे अधिक आवश्यकता के समय न तो पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है और न ही किसानों को निर्धारित समय तक बिजली मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को कई स्थानों पर मुश्किल से एक-दो घंटे बिजली मिल रही है, जिसके कारण खेतों में धान की फसल सूखने लगी है और कई किसान मजबूरी में अपनी फसल पर हल चलाने को विवश हो गए हैं।
भाजपा ने दी जन आंदोलन की चेतावनी
सिंगला ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नई बिजली उत्पादन इकाइयों की स्थापना नहीं होने के कारण आज पंजाब गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं को हल करने के बजाय केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक सहित समाज का हर वर्ग सरकार की नीतियों से निराश है। प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हो चुके हैं और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो पार्टी पूरे प्रदेश में बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।
शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं
इस बीच शहर में बिजली संकट को लेकर लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बुधवार रात करीब दो बजे से लेकर गुरुवार शाम तक शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोग भीषण गर्मी में बिना पंखे और पानी के रहने को मजबूर रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं से पूरा बिल वसूलता है और भुगतान में देरी होने पर कनेक्शन काटने तक की कार्रवाई करता है, लेकिन नियमित बिजली आपूर्ति देने में विफल साबित हो रहा है। शहर के कई इलाकों में बुधवार देर रात से बिजली गुल रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के सुविधा केंद्रों के फोन बंद रहे और शिकायतें सुनने वाला कोई नहीं था। शिकायत केंद्रों पर पहुंचने पर उपभोक्ताओं को एक-दो घंटे में बिजली बहाल होने का आश्वासन दिया गया, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। इससे लोगों में सरकार और बिजली विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

