जल्द मिलेगा पंजाब भाजपा को नया अध्यक्ष, संघ और भाजपा हाईकमान का मंथन जारी

punjabkesari.in Sunday, Dec 15, 2019 - 08:24 AM (IST)

होशियारपुर/लुधियाना(जैन, गुप्ता): पंजाब में इन दिनों भाजपा की राजनीति पूर्ण रूप से गर्माई हुई है। क्योंकि आने वाले कुछ दिनों में पंजाब को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। मौजूदा समय में पंजाब के सभी जिलों में बूथ चुनाव के पश्चात मंडलों के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद जिला अध्यक्षों के चुनाव होंगे। वहीं मिशन-2022 के तहत पंजाब में भाजपा को 117 सीटों पर मजबूत बनाने के लिए संघ व भाजपा हाईकमान का मंथन जारी है। प्रदेश अध्यक्ष बनने में जोर-आजमाइश कर रहे प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, अनिल जोशी, राकेश राठौर, प्रवीन बांसल, तरुण चुघ, प्रो. राजिंद्र भंडारी, जीवन गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल व प्रदेश भाजपा के पूर्व सचिव दीवान अमित अरोड़ा शामिल हैं। ये सारे अनुभवी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पार्टी में किसी न किसी महत्वपूर्ण पद पर कार्य किया है। 

चर्चा है कि इस बार अध्यक्ष पद के लिए उसी व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी, जो व्यक्ति जमीनी स्तर पर प्रभावशाली सम्पर्क द्वारा सक्रिय रूप से सभी सामाजिक वर्गो में कार्य करने की क्षमता रखता हो। इनमें मुख्य रूप से होशियारपुर से संबंधित पार्टी के वरिष्ठ नेता तीक्षण सूद का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। तीक्षण सूद किसी विशेष धड़े से न जुड़े होकर संगठन के विचार से खड़े हैं। तीक्षण सूद विगत में भाजपा के पंजाब विधायक दल के नेता एवं कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। गत लोकसभा चुनावों में होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र में सोम प्रकाश को विजयश्री बनाने में तीक्षण सूद की अहम भूमिका रही है। वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के राजनीतिक सलाहकार भी रह चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्ढा के साथ भी तीक्षण सूद के करीबी संबंध हैं। यह बात भी प्रदेशाध्यक्ष बनने की संभावनाओं पर मोहर लगाती है।

तीक्षण सूद के पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में अपनी अलग पहचान रखते हैं और वह यह भी सूझबूझ रखते हैं कि किस प्रकार से प्रदेश से गुटबंदी को खत्म कर आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाना है। आज भारतीय जनता पार्टी पंजाब को ऐसे नेता की तलाश है जो पार्टी के परचम को पूरे प्रदेश भर में फैला सके एवं संगठन की रचना को संगठन के कार्य पद्धति से जोड़ सके । पार्टी के उच्च पदस्त सूत्रों की माने तो तीक्षण सूद के सिर पर प्रदेशाध्यक्ष का ताज सजने की प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं। 

Edited By

Sunita sarangal