पंजाब विधानसभा का बजट सत्रः18 विधायकों ने किया बायकॉट

punjabkesari.in Tuesday, Mar 20, 2018 - 01:01 PM (IST)

चंडीगढ़(फोटो-कुर्ल):  पंजाब विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल बीपी सिंह बदनोर के अभिभाषण के साथ आरंभ हुआ। इससे पहले राज्यपाल  को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। विधानसभा में विपक्ष की कुर्सियां खाली पड़ी हुई हैं। 18 विधायकों ने सत्र का बायकॉट किया। अभिभाषण के दौरान लोक इंसाफ पार्टी के विधायकों और आप के विधायक अमरजीत सिंह और संधवां ने इसका बायकॉट नहीं किया। इसके बाद सूफी गायक प्यारा लाल वडाली के साथ-साथ दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय के अनुसार बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा। सदन की कुल नौ बैठकें होंगी। । वर्ष 2018-19 का बजट 24 मार्च को सदन में पेश किया जाएगा। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव 21 मार्च को पेश किया जाएगा जिसके बाद इस पर चर्चा होने की संभावना है। इस प्रस्ताव पर बहस अगले 2 दिन तक चलेगी। 

 
23 मार्च को शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस के कारण अवकाश रहेगा। वर्ष 2016-17 की भारत के कंपट्रोलर और ऑडीटर जनरल की रिपोर्टों (सिविल, व्यापारिक), वर्ष 2016-17 के पंजाब सरकार के वित्तीय लेखा और वर्ष 2016-17 की विनियोजन लेखे की रिपोर्ट 24 मार्च को सुबह 10 बजे सदन के पटल पर रखी जाएंगी। बजट अनुमानों संबंधी बहस 26 मार्च को बाद दोपहर 2 बजे शुरू होगी और यह अगले दिन भी जारी रहेगी। बजट अनुमानों संबंधी मांगों पर बहस और वोटिंग अगले दिन होने की संभावना है। वैधानिक कामकाज 28 मार्च को होंगे। इसके बाद सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।  

Punjab Kesari