पंजाब कैबिनेट में पहली बार जीतने वाले विधायकों का बोलबाला

punjabkesari.in Saturday, Jun 03, 2023 - 11:40 AM (IST)

लुधियाना: मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हाल ही में जो कैबिनेट में फेरबदल किया गया है, उसमें शामिल किए गए दोनों मंत्री पहली बार जीतने वाले विधायक हैं। हालांकि इससे पहले भी पंजाब कैबिनेट में पहली बार जीतने वाले विधायकों का बोलबाला है। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान पहली बार जीतने वाले विधायकों की लिस्ट में शामिल हैं। इसके अलावा हरपाल चीमा, मीत हेयर, अमन अरोड़ा को छोड़कर बाकी सभी पहली बार जीतने वाले विधायकों को मंत्री बनाया गया है। यहां तक कि इससे पहले कैबिनेट से हटाए गए 3 मंत्री-विजय सिंगला, फौजा सिंह सरारी, इंद्रबीर निज्जर भी पहली बार जीतने वाले विधायकों की लिस्ट में शामिल हैं।


दूसरी बार जीतने वाले विधायकों को मंत्री बनने का इंतजार
आम आदमी पार्टी के पिछली बार के ज्यादातर विधायक दूसरी पार्टियों में शामिल हो गए थे या फिर टिकट न मिलने की वजह से विधानसभा चुनाव नहीं लड़े थे। फिर भी कई विधायक आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़कर दूसरी बार जीते हैं। इनमें से 3 मंत्री बन गए और कुलतार सिंह संधवां स्पीकर व जय सिंह रोडी को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है। इसके अलावा भी दूसरी बार जीतने वाले कई विधायकों को मंत्री बनने का इंतजार है जिनमें सर्बजीत कौर मानूके, प्रो. बलजिंदर कौर, मनजीत सिंह बिलासपुर, कुलवंत सिंह पंडोरी, प्रिं. बुद्ध राम के नाम शामिल हैं। इसी तरह कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले नरेश कटारिया भी पहले विधायक रह चुके हैं। 

Content Writer

Vatika