पंजाब कांग्रेस भवन बना पाकिस्तान की ISI का सब-ऑफिस : मजीठिया

punjabkesari.in Tuesday, Aug 24, 2021 - 10:11 AM (IST)

चंडीगढ़ (अश्वनी कुमार): कश्मीर-पाकिस्तान पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकारों की बयानबाजी ने राजनीतिक बवाल खड़ा कर दिया है। पंजाब से लेकर दिल्ली तक सियासी दलों ने सलाहकारों की बयानबाजी को बेतुका करार दिया है।

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब कांग्रेस भवन पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. का सब ऑफिस बन गया है। जो बात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा बोल रहे हैं, वह शब्दावली पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय की तरफ से दोहराई जा रही है। जिस रफ्तार से यह सब हो रहा है, ङ्क्षचता इस बात की है कि कहीं पंजाब कांग्रेस दफ्तर पर पाकिस्तान का झंडा न फहरा दें। चंडीगढ़ के शिअद मुख्यालय में बातचीत करते हुए मजीठिया ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से पूछा कि जनता को बताएं कि क्या वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू के कार्यालय के भारत विरोधी प्रचार से सहमत हैं। उन्होंने सिद्धू और उनकी पूरी टीम के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। |

पाकिस्तान के एजैंडे को लागू कर रहा है पंजाब कांग्रेस कार्यालय
मजीठिया ने कहा कि देश विरोधी बयानबाजियों से ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब कांग्रेस कार्यालय से पाक सेना प्रमुख जावेद बाजवा के साथ पी.पी.सी.सी. अध्यक्ष के घनिष्ठ संबंध के कारण ही ऐसे बयान जारी किए जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि पी.पी.सी.सी. कार्यालय भारत विशेष रूप से कश्मीर के संबंध में जनरल बाजवा के एजैंडे को लागू कर रहा है। उन्होंने कहा कि पी.पी.सी.सी. कार्यालय ने कहा था कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव का उल्लंघन किया है और कश्मीर का विभाजन किया है जिससे भारत के अस्तित्व और सीमा पर सवाल उठ रहे हैं।

मजीठिया ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब भारत अपना स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तब पी.पी.सी.सी. कार्यालय से राष्ट्र विरोधी बयान जारी किए गए। उन्होंने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यालय कह रहा है कि कश्मीर अलग देश है, भारत ने इसके एक भाग पर बलपूर्वक कब्जा किया हुआ है तथा कश्मीरी भारत का हिस्सा नहीं थे। अकाली नेता ने कहा कि भारत इस बात पर कायम है कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर का इलाका भारत से संबंधित है, लेकिन पी.पी.सी.सी. कार्यालय कुछ और ही दावा कर रहा है।  मजीठिया ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यालय भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ मिलकर काम करने लगा है, ऐसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पाक प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा अफगानिस्तान में तालिबान की कार्रवाई को जायज ठहराने के तुरंत बाद अगले ही दिन पी.पी.सी.सी. कार्यालय ने तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने को जायज ठहराया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News