शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 03:39 PM (IST)
बठिंडा(विजय वर्मा): देश की शिक्षा व्यवस्था और नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। बठिंडा में पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार पर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इस दौरान कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली में पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार की कड़ी निंदा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय इंदर सिंगला ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मामले के बावजूद केंद्र सरकार चुप बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और विपक्ष की आवाज को दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और धक्कामुक्की के जरिए दबाया जा रहा है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को कुचलना सरकार की गलत मंशा को दर्शाता है। सिंगला ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली में पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान को जवाब देना चाहिए
उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की खामियों के कारण छात्रों में निराशा बढ़ी है और बेरोजगारी की स्थिति भी गंभीर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों डिग्रीधारी युवाओं में से बहुत कम लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिसके लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। विजय इंदर सिंगला ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि दिल्ली में छात्रों के मुद्दे उठाए जा रहे हैं तो पंजाब में पेपर लीक के मामलों पर भी मुख्यमंत्री भगवंत मान को जवाब देना चाहिए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजन गर्ग, हरलीन कौर बराड़, पूर्व विधायक जगदेव सिंह कमालू, रुपिंदर कौर रूबी, के.के. अग्रवाल, अशोक कुमार, मास्टर हरिमंदर सिंह, बलवंत राय नाथ, टिंकू ग्रोवर, संजीव कुमार भुच्चो, माधव शर्मा, किरणजीत सिंह गहिरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

