लॉकडाऊन खत्म होने के बाद होगा पंजाब कांग्रेस का पुर्नगठन

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2020 - 12:59 PM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का चिरप्रतीक्षित पुर्नगठन कोरोना वायरस को लेकर चल रहे राष्ट्रीय लॉकडाऊन की समाप्ति के बाद ही किया जाएगा। राष्ट्रीय लॉकडाऊन के कारण देश में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगी हुई है। 

पंजाब कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक ढांचे को पिछले दिनों केंद्रीय नेतृत्व द्वारा भंग कर दिया गया था जिसके तहत समूची जिला इकाईयों के अलावा प्रदेश पदाधिकारियों को भी भंग कर दिया गया था। केंद्रीय स्तर पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के साथ हुई बैठक के बाद संगठनात्मक ढांचे को भंग करने का निर्णय लिया गया था। संगठनात्मक ढांचे को भंग करते समय सुनील जाखड़ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस नेतृत्व ने बहाल रखा था। सूत्रों से पता चला है कि लॉकडाऊन खत्म होने के बाद ही केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का पुर्नगठन करते हुए नए प्रदेश पदाधिकारी व जिला प्रधानों की नियुक्तियां की जाएंगी। 

Vaneet