सरकारी जंगल पर चोरों का धावा, काट ले गए खैर के 15 बेशकीमती पेड़
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 04:42 PM (IST)
हाजीपुर(जोशी): देश भर में हर साल विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और समाजसेवी संस्थाओं द्वारा बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है, जिस दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया जाता है। परंतु इन तमाम प्रयासों के बावजूद लकड़ी तस्कर सरकारी जंगलों से चोरी करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
इसकी एक ताज़ा मिसाल पास के गांव जुगियाल के सरकारी जंगल से देखने को मिली, जहां से अज्ञात लकड़ी चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए 'खैर' के 15 बहुमूल्य पेड़ काटकर ले गए। इस घटना ने वन विभाग की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गांव जुगियाल के नंबरदार हरमीन सिंह ने बताया कि जब उन्हें खैर के पेड़ काटे जाने की सूचना मिली, तो उन्होंने गांव जुगियाल से साहोड़ा कंडी की ओर जाती सड़क पर जाकर मौका देखा। वहां से चोर करीब 15 खैर के पेड़ चोरी करके ले जा चुके थे। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। नंबरदार हरमीन सिंह ने पंजाब सरकार और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि वन विभाग को तुरंत आदेश जारी करके खैर चोरों को पकड़ा जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

