पंजाब DGP गौरव यादव ने अमृतपाल सिंह को लेकर कही ये महत्वपूर्ण बात

punjabkesari.in Tuesday, Nov 22, 2022 - 11:55 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने अमृतपाल सिंह को लेकर महत्वपूर्ण बात कहते हुए कहा कि हमारे संविधान में सभी को अपनी बात रखने तथा विचार प्रकट करने का अधिकार है। अमृतपाल सिंह धर्म का प्रचार करने के लिए स्वतंत्र हैं परन्तु कानून की उल्लंघना करने पर उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

डी.जी.पी. ने कहा कि पंजाब सरकार व पुलिस ने भड़काऊ बयानबाजी व सोशल मीडिया पर ऐसी वीडियो अपलोड करने पर रोक लगाई हुई है और उसकी पालना सभी को करनी होगी। चर्च पर पिछले समय हुए हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एस.आई.टी. इसकी जांच कर रही है और जल्द ही यह मामला हल कर लिया जाएगा। डी.जी.पी. ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और सीमा पार से हथियार व नशीले पदार्थ पंजाब में भेजे जाते हैं। सीमा पर मुख्य कार्य बी.एस.एफ. द्वारा किया जा रहा है और पंजाब पुलिस उसे पूरा सहयोग दे रही है। अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट सैकेंड लाइन ऑफ डिफैंस को मजबूत किया गया है। 

इन स्थानों पर पुलिस कर्मचारियों की गिनती को बढ़ाया भी गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान स्थित आतंकी रिंदा के मारे जाने बारे उन्होंने भी मीडिया में ही रिपोर्टों को पढ़ा है। आधिकारिक रूप से अभी राज्य पुलिस को कोई सूचना हासिल नहीं हुई है। डी.जी.पी. ने कहा कि प्रत्येक गैंगस्टर का हश्र बुरा होता है। उन्होंने कहा कि जिन गैंगस्टरों ने वास्तविक अपराध में हिस्सा नहीं लिया है वे मुख्यधारा से जुड़ जाएं। पंजाब पुलिस उन्हें मुख्यधारा में लाने की मदद करेगी। उन्होंने कहा कि संदिग्ध नाबालिग नौजवानों की गतिविधियों पर भी पूरी नजर रखी जा रही है। 

Content Writer

Vatika