देश भर में बेहतर कानून-व्यवस्था वाला दूसरा राज्य बना पंजाब , CM मान ने भी दी बधाई

punjabkesari.in Thursday, Dec 22, 2022 - 09:52 AM (IST)

जालंधर (धवन): गुजरात के बाद पंजाब देश में बेहतर कानून-व्यवस्था वाला दूसरा राज्य बन गया है। पंजाब पुलिस ने आज इंडिया टुडे द्वारा देश के सभी राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर जारी की गई सर्वे की रिपोर्ट रिलीज की जिसमें गुजरात को पहले स्थान पर तथा पंजाब को दूसरे तथा उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर दिखाया गया है। पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने इसके लिए समूचे पंजाबियों व समूची पंजाब पुलिस फोर्स को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब ने अपने दूसरे स्थान को 2022 में भी बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि वह समाज के भी आभारी हैं जिन्होंने पंजाब पुलिस को समय-समय पर अपना पूरा सहयोग दिया है।

डी.जी.पी. ने गौरव यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष पंजाब पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। पुलिस तथा जनता मिलकर राज्य में शांति तथा आपसी भाईचारे का माहौल बनाए रखने में कामयाब हुई है और उसने देश विरोधी ताकतों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। डी.जी.पी. ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2023 में भी पंजाब पुलिस कानून व्यवस्था के फ्रंट पर और बेहतर प्रदर्शन करेगी और पहले स्थान को हासिल करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब को गैंगस्टर व नशों से मुक्त राज्य बनाने का जो लक्ष्य दिया है उसे पूरा करने के लिए पंजाब पुलिस लगातार लगी हुई है।

इंडिया टुडे द्वारा रिलीज किए गए आंकड़ों में बताया गया है कि गुजरात 2021 में भी कानून व्यवस्था के मामले में पहले स्थान पर था और इस बार भी पहले स्थान पर आया है। पंजाब पहले भी दूसरे स्थान पर था और 2022 में भी दूसरे स्थान पर आया है परन्तु तमिलनाडु जोकि 2021 में तीसरे स्थान पर था वह 2022 में खिसक कर चौथे स्थान पर जा पहुंचा है। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है तथा अब वह चौथे से तीसरे स्थान पर आ गया है। हिमाचल प्रदेश में भी बेहतर कानून-व्यवस्था की स्थिति देखी गई है जोकि छठे स्थान की तुलना में इस वर्ष 5वें स्थान पर आ गया है। केरल में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर हालात बिगड़े हैं तथा वह पांचवें स्थान से खिसक कर छठे स्थान पर चला गया है। पश्चिम बंगाल में ममता बैनर्जी शासनकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरी है तथा वह अब आठवें स्थान की तुलना में सातवें स्थान पर आ गया है। बिहार जोकि पहले 10वें स्थान पर हुआ करता था वह अब 8वें स्थान पर आ गया है। 

भगवंत मान ने पंजाब  पुलिस को बधाई दी
मुख्यमंंत्री भगवंत मान ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर जारी हुए आंकड़ों में पंजाब को दूसरा स्थान हासिल होने पर पंजाब पुलिस व उसके समूचे अधिकारियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर पंजाब में आपसी भाईचारे व शांति को कायम रखेंगे। पंजाब को रंगला पंजाब बनाकर रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News