पंजाब का Gangster गोरू बच्चा हरियाणा से अवैध हथियार सहित गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी तैयारी!
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 11:01 AM (IST)
पंजाब डेस्क: हरियाणा के सिरसा में पुलिस की अपराध जांच एजेंसी (CIA) ने पंजाब के एक गैंगस्टर को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से सिरसा आया था, लेकिन इससे पहले ही उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सिरसा में मौजूद है। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने विशेष अभियान चलाया और सोमवार रात सिरसा अनाज मंडी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपी का सिरसा में दर्ज किसी आपराधिक मामले से सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह शहर में किस मकसद से आया था, क्या उसके स्थानीय अपराधियों से संपर्क थे या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। जांच में यह भी सामने आया है कि गौरव शर्मा अपना अलग गैंग चलाता है और फिलहाल उसका किसी अन्य आपराधिक गिरोह से संबंध नहीं मिला है। सिरसा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पंजाब पुलिस को भी दे दी है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और सिरसा आने के पीछे की असली मंशा का पता लगाने में जुटी है। मामले में मंगलवार को आयोजित होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस द्वारा और भी महत्वपूर्ण खुलासे किए जाने की संभावना है।

