गर्भवती महिलाओं को अब चिंता की कोई जरूरत नहीं, अब होगा थैलेसीमिया का मुफ्त इलाज

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2020 - 04:13 PM (IST)

लुधियाना(राज): पंजाब सरकार द्वारा थैलेसीमिया के इलाज को मुफ्त कर दिया गया है। इसके अंतर्गत अब 10 हजार का 'हीमोफीलिया इंजेक्शन' गर्भवती महिलाओं को भी लुधियाना सिविल अस्पताल में मुफ्त लगाया जाएगा।

इस बारे में जानकारी देते हुए डा. अविनाश जिंदल ने बताया कि हीमोफीलिया में फैक्टर-8 का इंजेक्शन अब मरीजों को मुफ्त लगाया जाएगा। इसकी बाजार में कीमत 10 हजार रुपए थी लेकिन अब इसे पंजाब सरकार द्वारा अस्पताल में बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि कई बार मरीज को फैक्टर-8 की कमी के कारण एक की बजाय 3-4 डोज भी लगाने पड़ते थे, जिससे उनका काफी ज्यादा खर्चा हो जाता था लेकिन अब इसे पूरी तरह से फ्री कर दिया गया है।

नहीं जाना पड़ेगा पी.जी.आई.
हीमोफीलिया और थैलैसीमिया के इलाज के लिए पहले मरीजों को पी.जी.आई. जाना पड़ता था लेकिन अब इसका इलाज शहर में ही हो जाएगा। इतना ही नहीं, गर्भवती महिलाओं का थैलेसीमिया के लिए स्क्रीनिंग टैस्ट भी जरूरी कर दिया गया है। यह टैस्ट भी अस्पताल में मुफ्त में किया जाएगा और सभी गर्भवती महिलाओं के लिए यह टैस्ट गर्भावस्था में एक बार जरूर किया जाएगा।

डा. अविनाश जिंदल ने बताया कि मदर चाइल्ड अस्पताल में थैलेसीमिया और हीमोफीलिया डे केयर के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर भी बना दिया गया है। जानकारी के अनुसार डे केयर के लिए अब तक हीमोफीलिया के 24 और थैलेसीमिया के 14 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवा भी दी है। डा. जिंदल ने बताया कि यह सुविधा सिर्फ जिला अस्पताल में ही उपलब्ध है। 

Edited By

Sunita sarangal