Punjab: शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान के घर चली गोली, ऑन ड्यूटी कमांडो घायल
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 10:37 PM (IST)
खरड़ (अमरदीप): खरड़ के वडाला रोड स्थित गुलमोहर सिटी में एक कमांडो पुलिस कर्मचारी के संदिग्ध हालात में गोली लगने की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार निशान सिंह, जो पंजाब पुलिस में कमांडो ड्यूटी पर तैनात है और शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान निशांत कुमार शर्मा का गनमैन भी है, निशांत शर्मा के घर की तीसरी मंजिल पर गोली लगने से घायल हो गया।
गंभीर हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल खरड़ में दाखिल करवाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे आगे इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
इस मौके पर सिविल अस्पताल खरड़ पहुंचे शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान निशांत कुमार शर्मा ने बताया कि वह मंदिर से पूजा करके वापस घर जा रहे थे, तभी उन्हें घटना की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि गोली लगने के कारणों के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है और इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस संबंध में थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि घायल कमांडो के बयान के बाद ही मामले की असली जानकारी मिल सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

