गुरदासपुर में सरपंच के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, गेट पर मिले गोलियों के निशान
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 01:47 PM (IST)
गुरदासपुर(हरजिंदर सिंह गोराया): जिले के थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव चोर सिद्धवां में मौजूदा सरपंच मनजिंदर सिंह के घर पर देर रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरपंच के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर घर के मुख्य गेट के सामने खड़ा हो गया और अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घर के मुख्य गेट पर दो गोलियों के निशान मिले हैं, जबकि पुलिस ने मौके से चार खाली खोल भी बरामद किए हैं।
सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे घर पहुंचे थे। करीब डेढ़ बजे उन्हें कुछ आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्होंने यह समझकर ध्यान नहीं दिया कि कोई पटाखे चला रहा होगा। सुबह जब वह उठे तो घर के अंदर गोलियों के दो खाली खोल पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत थाना सदर पुलिस को सूचना दी। सरपंच ने बताया कि उन्हें कभी फिरौती की कोई कॉल नहीं आई और न ही उनकी किसी से ऐसी दुश्मनी है कि कोई उनके घर पर फायरिंग करे। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शाहबाज सिंह और थाना सदर गुरदासपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

