किसान संगठनों के दिल्ली मार्च के मद्देनजर 2 दिन सील रहेगी पंजाब-हरियाणा सीमा

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2020 - 08:25 PM (IST)

चंडीगढ़ः नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पंजाब के साथ लगती सीमा को दो दिनों के लिए सील करने फैसला लिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टड़ ने कहा कि किसानों के मार्च को रोकने के लिए राज्य की पंजाब के साथ लगती सीमा को सील किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कोरोना वायरस कहर को देखते हुए किसान संगठनों से दिल्ली ना जाने की अपील की है।

26-27 नवंबर को दिल्ली मार्च करेंगे किसान संगठन
नए खेती कानूनों के विरोध में किसान संगठन 26-27 नवंबर को दिल्ली मार्च करने की योजना बना रहे हैं। इन संगठनों का कहना है कि अगर उनको रोका जाता है तो पड़ोसी राज्यों से दिल्ली आने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। इनका कहना है कि देशभर के किसान दिल्ली मार्च करेंगे। इनको रास्ते में जहां भी रोका जाएगा, वह वहीं धरने पर बैठ जाएंगे। वहीं दिल्ली सरकार ने किसान संगठनों को रैली की इजाजत नहीं दी है।

हरियाणा पुलिस ने किसान संगठनों के मार्च को देखते हुए लोगों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि 26-27 नवंबर को किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। 25-26 नवंबर को पंजाब से हरियाणा और 26-27 नवंबर को हरियाणा से दिल्ली जाने के प्रवेश स्थानों पर ट्रैफिक रोका जा सकता है।

Mohit