पंजाब होमगार्ड के जवान को घायल करके हवालाती हुआ फरार, SHO सस्पेंड

punjabkesari.in Saturday, Aug 03, 2019 - 12:24 PM (IST)

फाजिल्का(नागपाल, लीलाधर): बच्चे उठाने के मामले में दो दिन पहले दर्ज एफ.आई. आर. में नामजद फाजिल्का उपमंडल के गांव संत खीवापुर निवासी चरनजीत सिंह शुक्रवार सुबह थाना सदर फाजिल्का में ड्यूटी पर तैनात पंजाब होम गार्ड के जवान को घायल कर सदर पुलिस स्टेशन से भाग गया। पुलिस ने एस.एच.ओ. को नौकरी से निरस्त कर दिया है जबकि आरोपी चन्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वर्णनयोग्य है कि उपमंडल के गांव झोक डिपूलाना निवासी विक्की ने केस दर्ज करवाया था कि दो दिन पहले 6 व्यक्तियों ने जबरदस्ती उसकी मंगेतर के साथ मारपीट की और उससे जबरदस्ती कबूल करवाया कि वह बच्चे उठाते हैं। एफ.आई.आर. में विक्की ने बताया कि चरनजीत सिंह ने रिवाल्वर का डर दिखाकर उससे यह बात कहलवाई कि वह बच्चा चोर हैं और बच्चे उठाने के लिए आए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने बाद में पुलिस ने चरनजीत सिंह और 5 अन्य के खिलाफ सदर पुलिस फाजिल्का में अलग-अलग धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया था।

इस मामले में चरनजीत सिंह को पुलिस ने गुरूवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया था और उसे थाना सदर में स्थित सी.आई.ए. स्टाफ में सलाखों के पीछे रखा था। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया जाना था। सूत्रों ने बताया कि होमगार्ड सिपाही रछपाल सिंह जोकि ड्यूटी पर तैनात था, ने सुबह लॉकअप का दरवाजा खोला और चरनजीत सिंह को बाथरूम के लिए ले गया। मौका डाल कर चरनजीत सिंह मेन गेट पर तैनात होम गार्ड जवान कुलविन्दर राज को घायल करके भाग गया। फाजिल्का के डी.एस.पी. जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग टीमें बना कर चरनजीत सिंह को ढूंढने के लिए भेज दी हैं और उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा। शुक्रवार को उच्च आधिकारियों ने एस.एच.ओ. थाना सदर भूपिन्दर सिंह को निरस्त कर दिया। उनकी जगह जसवंत सिंह को नया इंचार्ज नियुक्त किया गया है। 

Vaneet