Punjab : हाईवे पर खौफनाक हादसा! टायर बदल रहे लोगों को कार ने रौंदा, एक की मौत
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 06:04 PM (IST)
बटाला (बेरी): विगत देर रात्रि अमृतसर-जम्मू नैशनल हाईवे पर गांव हरदोझंडे में एक तेज रफ्तार कार द्वारा 3 लोगों को टक्कर मार दी गई। जिसके चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो व्यक्ति घायल हो गए। इस संबंधी जानकारी देते हुए थाना सदर के ए.एस.आई. आनंद सिंह ने बताया कि एक टूरिस्ट बस जो बैंगलौर से अमृतसर आई थी। उन्होंने कहा कि यह बस विगत रात्रि अमृतसर से श्री नगर जा रही थी कि जब यह बस गांव हरदोझंडे के पास पहुंची तो अचानक बस का टायर पंचर हो गया।
जिसके बाद बस का ड्राइवर बस का टायर बदल रहा था जबकि 3 लोग बस में से उतर कर ड्राइवर के पास खड़े थे और टॉर्च मारकर उसकी मदद कर रहे थे कि इस दौरान अमृतसर साइड से आई एक तेज रफ्तार कार ने उक्त 3 लोगों को टक्कर मार दी।
जिसके चलते एक व्यक्ति तबरेज खान निवासी बैंगलौर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए जिनको इलाज हेतु बटाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है ओर इस संबंधी थाना सदर में केस भी दर्ज कर दिया गया है।

