लुधियाना जाने की बात कहकर निकले पति-पत्नी गायब, मोबाइल बंद मिलने से परिवार की बढ़ी चिंता

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 09:36 PM (IST)

मोगा : मोगा के पत्ती माले की इलाके से एक पति-पत्नी के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लापता युवक के पिता सतपाल पुत्र रूप लाल निवासी पत्ती माले की ने पुलिस को शिकायत देकर अपने बेटे और बहू की तलाश करने की गुहार लगाई है।

पुलिस को दी शिकायत में सतपाल ने बताया कि उनका बेटा काशिश कटारिया एक कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है और काम के सिलसिले में अलग-अलग दुकानों पर जाता रहता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 17 नवंबर को दोपहर करीब 3:50 बजे उनका बेटा काशिश कटारिया अपनी पत्नी कुलविंदर कौर के साथ टाटा पंच कार (नंबर PB-76-B-6794) में घर से यह कहकर निकला था कि वे काम के सिलसिले में लुधियाना जा रहे हैं।

शिकायत में बताया गया कि दोनों के पास कंपनी के काम से संबंधित करीब 7-8 मोबाइल फोन भी थे। जब शाम तक दोनों घर वापस नहीं लौटे तो परिवार के सदस्यों ने पहले मोगा शहर में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने लुधियाना के मुल्लांपुर स्थित टोल प्लाजा पर जाकर जानकारी हासिल की। वहां उन्हें पता चला कि उक्त कार दोपहर करीब 4:32 बजे टोल प्लाजा से गुजरी थी।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, काफी कोशिशों के बावजूद जब काशिश कटारिया और कुलविंदर कौर से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। इस कारण परिवार काफी चिंतित है। सतपाल ने पुलिस से अपील की है कि लापता पति-पत्नी की जल्द से जल्द तलाश की जाए। साथ ही उनके मोबाइल फोन की जांच कर उनके बारे में जानकारी जुटाई जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News