Punjab: अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नैटवर्क का पर्दाफाश, करोड़ों की हैरोइन सहित 5 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 19, 2023 - 08:31 AM (IST)

कपूरथला: कपूरथला पुलिस ने एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नैटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सुभानपुर में 5 तस्करों को 6 किलो हैरोइन व 7 लाख रुपए की ड्रग मनी सहित काबू किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी 2 सगे भाई भी शामिल हैं जोकि बरामद हैरोइन की खेप लेकर कपूरथला पहुंचे थे। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सुभानपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद हैरोइन की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 30 करोड़ आंकी जा रही है।

एस.एस.पी. राजपाल सिंह संधू ने बताया कि इन आरोपियों की पहचान कश्मीर सिंह निवासी डोगरांवाल, स्वर्ण सिंह उर्फ चापड़ निवासी विल्ला कोठी, अमनदीप सिंह निवासी दयालपुर, राहुल और अतुल निवासी पटेल गार्डन, द्वारका मोड़ नई दिल्ली के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि कश्मीर सिंह से 2 किलो हैरोइन और 1 लाख रुपए ड्रग मनी व स्विफ्ट कार (नं. पी.बी. 09 ए.के. 1703), स्वर्ण सिंह उर्फ चापड़ से 2 किलो हैरोइन, अमनदीप से 1 किलो हैरोइन और अतुल से 1 किलो हैरोइन व 6 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की गई। राहुल और अतुल भाई हैं, जिनकी टाटा हैक्सा कार (नंबर एच.आर. 26 डी.डी. 2984) भी कब्जे में ली गई।

एस.एस.पी. संधू ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना पर एस.पी. (इनवैस्टीगेशन) रमनिन्द्र सिंह, डी.एस.पी. (डी) गुरमीत सिंह और सी.आई.ए. के इंस्पैक्टर जरनैल सिंह की निगरानी के तहत प्लान बनाकर एस.आई. लाभ सिंह सहित पुलिस पार्टी ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।उन्होंने बताया कि सुखदेव सिंह उर्फ सेबी निवासी डोगरांवाल एक बड़ा तस्कर है और दिल्ली से हैरोइन मंगवा कर पंजाब में सप्लाई करता है। उसे राहुल और अतुल दिल्ली से यह सप्लाई देने सुभानपुर आए थे। सुखदेव सिंह ने सप्लाई और पैसों के लेन-देन के लिए कश्मीर सिंह, स्वर्ण सिंह और अमनदीप को स्विफ्ट कार में रमीदी पुल के पास भेजा था, जिनको मौके पर ही गिरफ्तार कर हैरोइन और ड्रग मनी बरामद कर ली। इस काम में मुख्य आरोपी सुखदेव सिंह की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Content Writer

Vatika