Punjab : फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां

punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 07:30 PM (IST)

लुधियाना : लुधियाना के फोकल प्वाइंट स्थित औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने से हड़कंप मच गया। पॉल टेंट इंडस्ट्रीज की दो मंजिला इमारत में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री में रखे टेंट और फर्नीचर समेत लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों के साथ उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक दमकल की 8 गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फैक्ट्री के अंदर लकड़ी, कपड़ा, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई थी। इसके चलते आग ने तेजी से इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
 
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आग लगने के कारणों की जांच करने के साथ-साथ हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News