पुलिस ने हथियारों सहित 2 आरोपियों को किया Arrest, पूछताछ में खुलासे होने की संभावना

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 10:37 AM (IST)

महलकलां: बरनाला जिले में आपराधिक तत्वों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत महलकलां थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त के दौरान 2 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक .315 बोर का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए ए.एस.आई. बलकौर सिंह ने बताया कि एस.एस.पी. बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम के दिशा-निर्देशों और डी.एस.पी. महलकलां सतविंदर सिंह विर्क की देखरेख में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह धालीवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम अनाज मंडी महलकलां इलाके में गश्त कर रही थी, तभी दो व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए दिखाई दिए।

जब पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी लेने की कोशिश की, तो दोनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से .315 बोर का एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महल कलां निवासी हरदीप सिंह उर्फ निक्कू और कुलदीप सिंह उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ए.एस.आई. बलकौर सिंह ने आगे बताया कि दोनों आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल कर उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद किया गया हथियार कहां से लाया गया था और क्या इसका इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में किया जाना था। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News