Travel Agent नहीं, पुलिस वाला निकला... पत्नी-बच्चों सहित डिपोर्ट हुए युवक का हैरानीजनक खुलासा
punjabkesari.in Monday, Jul 21, 2025 - 01:57 PM (IST)

लुधियाना : पंजाब पुलिस के ASI पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, सेवारत ASI सरबजीत सिंह को लुधियाना क्राइम ब्रांच ने 1.40 करोड़ रुपए की इमिग्रेशन धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सरबजीत पर आरोप है कि उसने अपने ट्रैवल एजेंट भाई दलजीत सिंह उर्फ डॉन और सहयोगी जय जगत जोशी के साथ मिलकर एक व्यक्ति को विदेश भेजने का नाम पर ठगी है। बताया जा रहा है कि सभी ने मिल कर मोगा निवासी एक युवक आकाश वीर सिंह को अवैध तरीके से ‘डंकी रूट’ से अमेरिका भिजवाया था।
शिकायतकर्ता आकाश वीर ने बताया कि आरोपियों ने उसे उसके परिवार को अमेरिका में कानूनी वीजा और वर्क परमिट दिलाने का झांसा दिया लेकिन उसे डंकी रूट के जरिए पहले दुबई और अल सल्वाडोर के रास्ते भेजा गया। 7 अगस्त 2023 को उड़ान भरी जहां से अवैध रूप से अल सल्वाडोर भेजा गया। उसके परिवार ने पहले ही 90 लाख रुपए दे दिए थे। बाद में एजेंटों ने धमकी देकर 50 लाख रुपए और वसूले। इसके बाद मेक्सिको सीमा से अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने पर मजबूर किया गया।
अमेरिका से डिपोर्ट
अमेरिकी सीमा पर 10 सितंबर 2023 को पकड़े जाने के बाद, आकाश अपनी पत्नी और 2 छोटे बच्चों (5 और 2 साल) के साथ निर्वासन के लिए एक साल तक कानूनी प्रक्रिया में उलझा रहा। तमाम कोशिशों के बावजूद वीजा संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिल सके। इस दौरान गुजारा करने के लिए अमेरिका में कई छोटे-छोटे काम किए। इस दौरान उसने एजेंटों की मिन्नतें करता रहा कि दस्तावेजों का इंतजाम किया जाए। लेकिन इस दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने उन्हें वापस जाने के आदेश दे दिए। इसके बाद 22 जून 2025 को उन्हें अमृतसर वापस डिपोर्ट कर दिया गया।
ऐसे हुआ खुलासा
इस मामले की शिकायत लुधियाना निवासी गुरकरण सिंह ने दर्ज कराई, जिसने आकाश को 10 लाख रुपए उधार दिए थे। आम आदमी पार्टी की पार्षद महक के पति गुरकरण ने एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें आरोपी को नकद लेनदेन करते देखा जा सकता है। इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि एएसआई सरबजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपनी आंशिक संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं, दलजीत सिंह और जय जगत जोशी अभी फरार हैं। दलजीत पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं और उनकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है। कपूरथला पुलिस को विभागीय कार्रवाई के लिए सूचना भेजी जा रही है।आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here