पंजाब पुलिस का ये कर्मचारी सोशल मीडिया पर बटोर रहा तारीफें, दरियादिली ने कायल किए लोग

punjabkesari.in Wednesday, Jun 09, 2021 - 02:03 PM (IST)

लुधियाना: पंजाब पुलिस अक्सर ही अपने सख्त रवैये के कारण जानी जाती है लेकिन सोशल मीडिया पर लुधियाना पुलिसकर्मी हर तरफ से तारीफें बटोर रही है। लोग इस पुलिस मुलाज़ीम की दरियादिली के कायल हो गए हैं और उसकी वीडियो को खूब पसंद किया जा रहा है। वीडियो में ए.एस. आई. अशोक चौहान एक गरीब व्यक्ति की सेवा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने उक्त व्यक्ति को पहले नहलाया और फिर उसे अच्छे कपड़े पहनाए। इतना ही नहीं, उसके बालों की कटिंग भी की गई।

फिर ए.एस. आई. की तरफ से उक्त व्यक्ति को खाना खिलाने के बाद कुछ पैसे दे दिए गए जिससे वह अपना गुज़ारा चला सके। उक्त पुलिसकर्मी की यह वीडियो लोगों की तरफ से खूब शेयर की जा रही है। हमारी टीम की तरफ से ए.एस. आई. अशोक चौहान के साथ बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि लोगों की सेवा करना पुलिस का फ़र्ज़ है और यदि अपनी ड्यूटी के साथ समय निकाल कर किसी मजबूर की सेवा की जाए तो उन्हें ख़ुशी मिलती है। अशोक चौहान ने बताया कि जिस इलाके में उनकी ड्यूटी है, वहां यह शख्स अक्सर ही पुल के नीचे बैठा उन्हें रोज़ दिखाई देता था और एक दिन उन्होंने उस बारे पूछा तो उसने बताया कि वह पहले दिहाड़ी करता था और पैर में चोट लगने के कारण अब वह कामकाज करने में असमर्थ है।

अशोक चौहान ने कहा कि उसकी हालत इतनी ख़स्ता थी कि उसके पास कोई जाना भी नहीं चाहता था, जिसके बाद उन्होंने अपना फ़र्ज़ समझते उसकी ज़िंदगी में सुधार करने का मन बनाया और फिर उसकी इस हालत में सुधार किया। उसे दवा दिलाकर जिस चीज़ की ज़रूरत थी, वह मुहैया करवाई। अशोक चौहान ने बताया कि उनका मंतव्य सिर्फ़ यही था कि वह फिर से अपनी आम ज़िंदगी व्यतीत कर सके क्योंकि यह समय ऐसा था कि कई लोगों के कामकाज बंद हो गए और इस मज़दूर को रोज़ी -रोटी के लिए भी मोहताज होना पड़ गया था लेकिन अब उसकी हालत काफ़ी सुधर गई है और उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द अपना काम कर सकेगा। 

Content Writer

Vatika