पट्टी से शिमला के लिए पहली बार शुरू हुई पंजाब रोडवेज की बस सर्विस
punjabkesari.in Monday, Apr 10, 2023 - 10:34 AM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने रविवार को पट्टी से शिमला के मध्य पंजाब रोडवेज की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहली बार है कि तरनतारन जिले के शहर पट्टी से शिमला के लिए पंजाब रोडवेज की बस सर्विस शुरू हुई है। पट्टी बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाने के बाद कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लोगों की सुविधा को मुख्य रखते हुए पंजाब के विभिन्न शहरों से अन्य राज्यों की ओर बसें चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब रोडवेज/पनबस की यह बस पट्टी बस स्टैंड से सुबह 10.20 बजे चलेगी और वाया अमृतसर, जालंधर और चंडीगढ़ होते हुए रात 10.30 बजे शिमला पहुंचेगी। इसी तरह अगले दिन सुबह 7.10 बजे शिमला से चलकर उसी रास्ते वापसी करेगी और शाम करीब 7.30 बजे पट्टी पहुंचेगी।
पंजाब रोडवेज की आमदन में रिकॉर्ड वृद्धि
परिवहन मंत्री ने बताया कि पंजाब रोडवेज/पनबस ने बीते वित्तीय वर्ष के दौरान आमदन में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान पंजाब रोडवेज/ पनबस को 700.88 करोड़ रुपए की आमदन हुई है, जो वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 547.08 करोड़ रुपए थी। उन्होंने बताया कि 153.80 करोड़ रुपए की यह वृद्धि 28.11 प्रतिशत बनती है। उन्होंने कहा कि पंजाब रोडवेज/पनबस की आमदनी में निरंतर वृद्धि हो रही है और अगले दिनों के दौरान अन्य शहरों से भी बसें चलाई जाएंगी।
परिवहन विभाग उन्नति के मार्ग पर
कैबिनेट मंत्री भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की पारदर्शी नीतियों के स्वरूप परिवहन विभाग तरक्की की राह पर है और इस रफ्तार को और अधिक तेज करते हुए विभाग को नई बुलंदियों पर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने प्राइवेट बस माफिया की कमर तोड़ते हुए पंजाब से दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तक तीन गुना कम किराए पर बस सेवा शुरू की है और अब राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 25 बसें दिल्ली हवाई अड्डे के लिए चलती हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here