Punjab: सोते समय ढही कमरे की छत, मां-बेटे की मौ+त; दो बेटियां एम्स में लड़ रहीं जिंदगी की जंग
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 01:08 PM (IST)
बठिंडा( विजय वर्मा): जिले के ऐतिहासिक नगर तलवंडी साबो में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में कच्चे/पुराने कमरे की छत गिरने से मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार की दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों का इलाज एम्स बठिंडा में चल रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे।
रहे सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार तलवंडी साबो निवासी धर्म सिंह उर्फ काला का परिवार सोमवार रात करीब 11 बजे घर के एक कमरे में सो रहा था। अचानक कमरे की छत भरभराकर गिर गई, जिससे कमरे में सो रहे सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गए। हादसे में धर्म सिंह की पत्नी वीरपाल कौर (40) और 14 वर्षीय पुत्र अर्शदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय धर्म सिंह कमरे के बाहर सो रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल बेटियों को गंभीर हालत में एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है। एक ही पल में परिवार पर आई इस त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष कुलवीर कौर सरां सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि जर्जर छत अचानक ढहने से यह हादसा हुआ। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

