Punjab : किसी और के लिए रखा लॉटरी टिकट ले गया कोई, पता नहीं था ऐसे बदल जाएगी किस्मत
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 03:12 PM (IST)
मोगा (कशिश सिंगला): मोगा की मथुरापुरी कॉलोनी में रहने वाले एक मिडिल क्लास किसान की किस्मत तब चमकी जब उसकी पंजाब स्टेट डियर बंपर लॉटरी में 50 लाख रुपये का इनाम निकला। इस खुशी में सोमवार सुबह उसने प्रताप रोड पर लगे गोली लॉटरी स्टॉल पर ढोल बजाकर और लड्डू बांटकर जश्न मनाया। जानकारी देते हुए किसान चरणजीत सिंह ने बताया कि उसने रविवार को प्रताप रोड पर लगे गोली लॉटरी स्टॉल से 1,000 रुपये का पंजाब स्टेट डियर बंपर लॉटरी का टिकट खरीदा था। सोमवार सुबह जब वह अपना टिकट चेक करने स्टॉल पर पहुंचा तो स्टॉल ऑपरेटर प्रदीप कुमार ने उसे बताया कि उसके टिकट पर 50 लाख रुपये का पहला इनाम निकला है। यह सुनकर वहां मौजूद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
लॉटरी स्टॉल ऑपरेटर प्रदीप कुमार गोली ने बताया कि यह टिकट पहले किसी दूसरे कस्टमर के लिए रखा गया था लेकिन वह इसे लेने नहीं आया। बाद में यह टिकट चरणजीत सिंह को बेचा गया और इसी टिकट से उन्हें 50 लाख रुपये की दौलत मिली। इस अचानक मिली कामयाबी से इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल है। इसके बाद स्टॉल पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। सभी को मिठाई खिलाई गई और चरणजीत सिंह को बधाई दी गई। चरणजीत सिंह ने कहा कि वह अपनी किस्मत आजमाने के लिए समय-समय पर लॉटरी टिकट खरीदते रहे हैं। यह दूसरी बार है जब उन्हें 50 लाख रुपये का इनाम मिला है। इससे पहले उन्हें 20,000 रुपये का इनाम मिला था। वह भगवान का शुक्रिया अदा करते हैं कि उन्होंने उन्हें यह इनाम दिया। इनाम की रकम से वह न सिर्फ अपने परिवार की ज़रूरतें पूरी करेंगे बल्कि समाज सेवा का काम भी करेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

